7 मई, 2022 | दैनिक ब्रीफिंग

00:00

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने आग्रह किया कि नागरिक 7-9 मई को हवाई हमले की चेतावनियों को नज़रअंदाज़ न करें। इस समय, यूक्रेन को रूस द्वारा हमलों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि 9 मई आक्रामक देश के लिए एक पवित्र तारीख है।

01:00

15 वर्षीय लड़की लिसा चेर्निशेंको के पैरों में रूसी सैनिकों की गोलाबारी के कारण छर्रों के घाव लगे। गंभीर चोटों के बावजूद, वह बारूदी सुरंगों वाली सड़क पर कार चलाते हुए लगभग 30 किलोमीटर का सफर तय कर खुद को और चार वयस्कों को गोलाबारी से बाहर निकाल लाई। लिसा अपनी कहानी विस्तार से इस वीडियो में बताती हैं।

02:00

खारकीव क्षेत्र के बोहोदुखिव ज़िले में, रूसी मिसाइल के सीधे प्रहार से ह्रीहोरी स्कोवोरोदा का राष्ट्रीय संग्रहालय नष्ट हो गया। गोलाबारी 7 मई की रात को हुई। संग्रहालय का एक कर्मचारी घायल हुआ। खारकीव क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनेहुबोव ने विनाश के परिणाम दिखाने वाली तस्वीर प्रकाशित की

04:00

रूसी सैनिकों ने पोल्तावा क्षेत्र के कार्लिवका शहर पर मिसाइल हमला किया और एक अवसंरचना सुविधा पर प्रहार किया। नागरिकों में कोई हताहत नहीं हुआ। दमकलकर्मियों ने मिसाइल से लगी आग बुझा दी।

08:00

यूक्रेन के विरुद्ध युद्ध में रूस के मृत सैनिकों की संख्या 25,000 से अधिक हो गई। ये आंकड़े यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने जारी किए।

09:00

यूक्रेन की राष्ट्रीय पुलिस के अनुसार, रूसी सैनिकों ने एक दिन पहले दोनेत्स्क क्षेत्र की 15 बस्तियों पर गोलाबारी की। मारियुपोल, सिवेर्स्क, तोरेत्स्क, अवदीइव्का, मारिंका, स्वियातोहिर्स्क, ज़ालिज़्ने, द्रुझकिव्का, न्यूयॉर्क (सं. – यूक्रेन की एक बस्ती), पिवनिच्ने, ड्रोबिशेवे, राय-ओलेक्सांद्रिव्का, यारोवा, द्रोनीव्का और स्व्यातो-पोक्रोव्स्के पर हमला हुआ।

दुश्मन ने विमानों, ग्राद बहु-रॉकेट प्रक्षेपण प्रणालियों, टैंकों और भारी तोपखाने से नागरिकों पर गोलाबारी की।

10:00

रूसी सैनिकों ने खारकीव क्षेत्र के क्रास्नोहराद शहर पर मिसाइल हमला किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोई हताहत नहीं हुआ।

11:00

अपनी जांच के परिणामस्वरूप, एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कीव क्षेत्र में रूसी सेना द्वारा नागरिकों के विरुद्ध किए गए अपराधों के सबूत जुटाए हैं। “कीव के उत्तर-पश्चिम के क्षेत्र में किए गए कई युद्ध अपराधों के लिए रूसी बलों को न्याय का सामना करना होगा,” संगठन द्वारा प्रकाशित संदेश में कहा गया है

12:00

संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम के कार्यकारी निदेशक डेविड बीज़ली ने जरूरतमंदों तक यूक्रेनी खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए ओदेसा क्षेत्र के बंदरगाहों को खोलने का आह्वान किया। उनके अनुसार, अगर यह तुरंत नहीं किया गया तो यूक्रेन का कृषि क्षेत्र ध्वस्त हो जाएगा और विश्व समुदाय भुखमरी का शिकार होगा।

13:00

सुबह रूसी सैनिकों ने कोस्त्यान्तिनिव्का के व्यावसायिक विद्यालय पर मिसाइल हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। 

हमले के परिणामस्वरूप दोनेत्स्क क्षेत्र के कोस्त्यान्तिनिव्स्की व्यावसायिक निर्माण विद्यालय परिसर में आग लग गई। मलबा हटाने के दौरान नौ घायल और दो मृत मिले।

यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा के अनुसार, आपातकालीन और बचाव कार्य जारी हैं।

14:00

रूसी सैनिकों ने ओदेसा क्षेत्र पर चार क्रूज़ मिसाइलें दागींओदेसा क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के अनुसार, कोई घायल नहीं हुआ।

इसके अतिरिक्त, ओदेसा के निवासी विस्फोटों की सूचना दे रहे हैं। क्षेत्र में हवाई हमले की चेतावनी अभी भी जारी है।

15:00

सूमी क्षेत्र पर विमानों से गोलाबारी की गई।

दोपहर में मिसाइलें मिरोपिल्लिया और खोतीन समुदायों के क्षेत्र में गिरीं, द्मित्रो झिवित्स्की ने बताया। गोलाबारी के परिणामस्वरूप एक व्यक्ति घायल हुआ।

16:00

दुश्मन बलों ने रणनीतिक विमानों से ओदेसा पर छह मिसाइलें दागीं। दक्षिण की रक्षा और सुरक्षा बलों के प्रेस केंद्र की प्रमुख नतालिया हुमेनियुक ने “सुस्पिल्ने” को बताया

चार मिसाइलें आवासीय इलाके में स्थित फर्नीचर कारखाने पर गिरीं और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

अन्य दो मिसाइलें हवाई अड्डे के रनवे पर गिरीं।

17:00

ज़ापोरिझ्झिया क्षेत्र के कब्ज़े वाले इलाकों में रूसी आक्रमणकारी स्थानीय निवासियों की “फ़िल्ट्रेशन” जाँच-पड़ताल कर रहे हैं, यूक्रेन के सुरक्षित क्षेत्रों की ओर निकासी रोक रहे हैं और कृषि उद्यमों को लूट रहे हैं।

मिसाल के तौर पर, चेर्निहिव्का नामक शहरी प्रकार की बस्ती में आक्रमणकारी स्थानीय आबादी की जमीन छीनना चाहते हैं। निवासियों को 8 मई तक एक फॉर्म भरने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिसमें यह बताना होगा कि उनके स्वामित्व में कितनी जमीन है और उन्होंने कितनी जमीन किराये पर ली हुई है।

18:00

यूक्रेनी वायु सेना की दक्षिणी वायु कमान की इकाइयों ने एक और रूसी टोही और हमलावर ड्रोन “फोरपोस्ट” को नष्ट किया

यह हमला उस समय हुआ जब दुश्मन ड्रोन दक्षिणी यूक्रेन में नागरिक और सैन्य अवसंरचना के स्थान की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा था।

इस प्रकार का ड्रोन एक महंगा विमान है, जिसकी कीमत 7 मिलियन डॉलर से अधिक है।

19:00

राष्ट्रपति के आदेश का पालन कर दिया गया है: सभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अज़ोवस्ताल से निकाल लिया गया है। मारियुपोल मानवीय अभियान का यह हिस्सा पूरा हो गया है।

इरिना वेरेशचुक

20:00

लुहान्स्क क्षेत्र के प्रिविल्या पर गोलाबारी के परिणामस्वरूप, दो बच्चों की मौत हो गई – 11 और 14 वर्ष की आयु के लड़के।

साथ ही, एक महिला और दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए, लुहान्स्क क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेर्ही हैदाई के अनुसार

21:00

एनेरहोआतोम ने बताया कि चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर रूसी कब्ज़े के दौरान चुराया गया रेडियोधर्मी पदार्थ वाला एक फ्लास्क बुचा में मिला है।

आक्रमणकारियों के वहां ठहरने के बाद एक स्थानीय निवासी को वह अपने घर में मिला।

पारे वाले उस फ्लास्क का विकिरण स्तर सामान्य से काफी अधिक था। उस पदार्थ को खतरनाक पदार्थों के निपटान से जुड़े उद्यम को सौंप दिया गया।

22:00

आक्रमणकारियों ने लिसिचांस्क के निकट बिलोहोरिव्का नामक शहरी प्रकार की बस्ती के एक स्कूल पर हवाई बम गिराया।

स्कूल में लगभग 90 लोग थे। मलबे से करीब 30 लोगों को बचाया जा चुका है।

“क्लब पर हमले के बाद, स्कूल का तहखाना ही बचने की एकमात्र जगह था, लेकिन रूसियों ने लोगों से यह मौका भी छीन लिया,” – लुहान्स्क क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेर्ही हैदाई ने लिखा।